गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के गेन्हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का सोमवार को प्रमुख, उप प्रमुख, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार शक्तिधर एवं सीडीपीओ नीतीश कुमार धर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इस भवन का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं आईसीडीएस विभाग के समन्वय से आधुनिक मॉडल के आधार पर कराया गया है। केंद्र को इस प्रकार विकसित किया गया है कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिले और उनकी बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। नए भवन के निर्माण से स्थानीय बच्चों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नए भवन के निर्माण पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के लिए लाभकारी बताया।


