नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत समसा पंचायत स्थित सिया लषण मध्य विद्यालय का पंचायत समिति सदस्य गौतम गोस्वामी ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की साफ-सफाई में कमी पाई गई। वहीं मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर के अंदर जलजमाव की समस्या, खराब पंखों को ठीक कराने तथा बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गई। बताया गया कि भीषण गर्मी के बावजूद विद्यालय के कई पंखे खराब पाए गए, जिससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचायत समिति सदस्य ने खराब पंखों को जल्द ठीक कराने की बात कही।
वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मौके पर प्रधानाध्यापक मनटून महतो, वार्ड सदस्य अजित कुमार, वार्ड सचिव रणवीर पासवान, अर्जुन महतो, राम विकास कुमार, शिक्षक हरे राम कुमार, कमल किशोर सहित अन्य उपस्थित थे।


