गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी–गढ़पुरा मुख्य सड़क पर शुक्रवार रात घाघरा इंडियन गैस गोदाम के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान घाघरा पंचायत के करकौली वार्ड संख्या–7 निवासी उपेन्द्र महतो के पुत्र अनिल कुमार उर्फ कारी के रूप में हुई है, जो पेशे से बिजली मिस्त्री था और बखरी से घर लौट रहा था। हादसे में हसनपुर थाना क्षेत्र के शकरपुरा गांव निवासी बम-बम तांती, उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए।
सभी घायलों को बखरी पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बम-बम तांती और एक बच्चे को गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
