गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय राटन में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के दौरान दूसरी खुराक लेने के बाद कुछ छात्राओं के बेहोश होने की घटना को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है।
मामले में संज्ञान लेते हुए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा, पीएचसी बखरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम राटन गांव पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद टीम ने प्रभावित छात्राओं के घर जाकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का भी जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं एवं उनके परिजनों को सर्वाइकल कैंसर और उससे बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने परिजनों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए टीकाकरण को सुरक्षित और आवश्यक बताया।
ज्ञात हो कि मध्य विद्यालय राटन में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत छात्राओं को दूसरी खुराक दी जा रही थी। इसी दौरान तीन छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं, जिससे विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई गई।
मौके पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार ठाकुर, बीसीएम रतन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।
