नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के बौधू सिंह प्लस टू विद्यालय, पहसारा बभनगामा परिसर में बुधवार को टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी मनीष कुमार, पूर्व मुखिया शैलेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक जनार्दन प्रसाद सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, शिक्षक नेता अनिल कुमार झा एवं श्याम कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
यह टूर्नामेंट मां भगवती क्रिकेट क्लब, बभनगामा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों एवं पत्रकारों का अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मान किया गया। अतिथियों ने दोनों टीमों के कप्तानों और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि मनीष कुमार ने बल्लेबाजी कर तथा पूर्व मुखिया शैलेंद्र सिंह ने गेंदबाजी कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के साथ मैच की शुरुआत हुई, जिससे आयोजन का माहौल और भी गरिमामय हो गया।
आयोजकों के अनुसार छह दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम है। खेल को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए बेहतर करियर का भी विकल्प बनता जा रहा है। सामाजिक सद्भाव, भाईचारा और एकता को मजबूत करने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उद्घाटन मुकाबला कमरूदीनपुर और आकाश इलेवन बेगूसराय के बीच खेला गया। मैच की कमेंट्री नीतीश कमल एवं अली शेर द्वारा की जा रही थी, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।
आयोजन समिति ने बताया कि विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
लंबे समय बाद क्षेत्र में क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल एसवीएचएफ बेगूसराय एवं फ्री हिट 24 पर भी किया जा रहा है।
मौके पर मां भगवती क्रिकेट क्लब के सदस्य दीपक कुमार, नीतीश कुमार, अनिल महतो, संतोष कुमार, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक उपस्थित थे।
