नई नगर इकाई का गठन, भीम बने नगर अध्यक्ष; छात्र हितों के लिए संघर्ष का संकल्प
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को भगवानपुर में भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रखंड भर के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर भगवानपुर नगर इकाई का विधिवत गठन कर नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज अध्यक्ष रघुवीर कुमार ने की, जबकि मंच संचालन शशि कुमार ने किया।
सम्मेलन में उत्तर बिहार प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक विकास कुमार झा, निवर्तमान जिला सह संयोजक गोविंद कुमार, अनुमंडल प्रमुख रजनीश कुमार तथा जिला सेवा कार्य प्रमुख प्रिंस प्रभाकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।नई नगर इकाई में भीम को नगर अध्यक्ष, वैभव को नगर उपाध्यक्ष और गौरव कुमार को नगर मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। तरुण कुमार, सौरव जोशी एवं रोहित पाठक को नगर सह मंत्री, विशाल कुमार को सोशल मीडिया संयोजक, कुंदन कुमार को एसएफडी संयोजक, धीरज कुमार को एसएफएस संयोजक, अमन कुमार को कोषाध्यक्ष तथा शिवम कुमार को खेलो भारत संयोजक मनोनीत किया गया। प्रियांशु, प्रमोद, नीतीश, मिथुन एवं आजाद कुमार को नगर कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल प्रमुख रजनीश कुमार एवं विकास कुमार झा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का मूल मंत्र ज्ञान, शील और एकता है। एबीवीपी छात्र हित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित संगठन है, जहां पद विशेषाधिकार नहीं बल्कि समाज और संगठन के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक होता है। संगठन का उद्देश्य केवल छात्र राजनीति नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों में रचनात्मक एवं राष्ट्रवादी वातावरण का निर्माण करना है।जिला सेवा कार्य प्रमुख प्रिंस प्रभाकर एवं गोविंद कुमार ने कहा कि नई टीम कॉलेज परिसरों में शैक्षणिक समस्याओं, समय पर परीक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर लोकतांत्रिक व अनुशासित तरीके से संघर्ष करेगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
मनोनयन के बाद नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष भीम, नगर उपाध्यक्ष वैभव एवं नगर मंत्री गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। भगवानपुर के छात्रों को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ छात्र हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी।


