गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
शनिवार को बखरी प्रखंड के मध्य विद्यालय राटन का निरीक्षण लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर छात्राओं एवं ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में नियमित पठन-पाठन नहीं होता है। वे प्रतिदिन स्कूल आती हैं, लेकिन अधिकांश समय पढ़ाई नहीं होती और शिक्षक कार्यालय में बैठकर मोबाइल का उपयोग करते रहते हैं। कभी-कभार कोई शिक्षक एक घंटी पढ़ाकर चले जाते हैं, जिसके बाद शिक्षण कार्य ठप हो जाता है।
वही निरीक्षण के बाद गांव के प्रबुद्ध नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अनुशासन में सुधार लाने को लेकर सख्त हिदायत दी गई। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्यालय की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे विद्यालय में ताला लगाने और सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि नाइट गार्ड की ड्यूटी केवल रात्रि में सुनिश्चित की जाए और वे दिन में विद्यालय परिसर में उपस्थित न रहें।बैठक में मुखिया प्रतिनिधि सुरेश राम, सरपंच प्रतिनिधि बाला पासवान, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जयकांत यादव, राजद नेता दिलीप यादव, सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार ‘जीतू’, संजय महतो, साहेब पासवान, लोजपा (आर) के आईटी सेल जिला सचिव सिकंदर कुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय की व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की है।
