गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
जीओबी मद से आच्छादित नियोजित शिक्षकों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने विभागीय अधिकारियों से अविलंब लंबित वेतन भुगतान की मांग की है।
शिक्षक नेता दिलीप कुमार ने बताया कि सरकार शिक्षकों को समय पर वेतन भुगतान करने की घोषणा तो करती है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि जीओबी मद के नियोजित शिक्षकों का वेतन मार्च माह से लंबित है, जिससे शिक्षक एवं उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद विभाग इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है।
शिक्षकों ने बताया कि लगातार तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई शिक्षकों को उधार लेकर परिवार का भरण-पोषण करना पड़ रहा है। किराना दुकानदारों सहित अन्य लेनदारों के दबाव का भी सामना करना पड़ रहा है।जीओबी शिक्षक दिलीप कुमार, प्रमोद पंडित, बौएलाल पासवान, अवधेश पासवान, अमित कुमार सिंह, अश्विनी कुमार, राम उदय सदा, धनेश्वर तांती, लक्ष्मी कुमारी एवं बलराम राय समेत अन्य शिक्षकों ने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी गर्मी की छुट्टियां भी फीकी पड़ गई हैं। आर्थिक तंगी के चलते वे परिवार के साथ कहीं घूमने-फिरने भी नहीं जा सके।
शिक्षक नेता दिलीप कुमार ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर जीओबी मद से आच्छादित नियोजित शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
