नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा पूर्वी पंचायत से स्कूल जाने के लिए घर से निकला एक 16 वर्षीय छात्र लापता हो गया है। काफी खोजबीन के बावजूद उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहसारा पूर्वी पंचायत के गम्हरिया वार्ड संख्या-5 निवासी दिनेश चौधरी का पुत्र दीपक कुमार 31 जुलाई को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। दीपक की मां उषा देवी ने नावकोठी थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई है।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा छात्र की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द छात्र का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


