नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधूरे भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नावकोठी के वार्ड सदस्य मो. सलमान खान ने जिलाधिकारी बेगूसराय को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि नावकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन लगभग जून 2022 से निर्माणाधीन है, लेकिन आज तक इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी के कारण क्षेत्र की हजारों की आबादी को पुराने एवं जर्जर भवन में स्वास्थ्य सेवाएं लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पुराने भवन में पर्याप्त स्थान, आवश्यक सुविधाओं तथा आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था का अभाव है, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति जनहित एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, दोनों के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि थोड़ी सी भी बारिश होने पर अस्पताल के मुख्य प्रवेश के सामने जलजमाव हो जाता है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी होती है। अस्पताल प्रशासन द्वारा जल निकासी कराई जाती है, लेकिन दोबारा बारिश होने पर फिर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
उन्होंने जिलाधिकारी से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदक की जिम्मेदारी निर्धारित करने तथा निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से शीघ्र पूरा कराकर नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
वार्ड सदस्य ने इस ज्ञापन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन बेगूसराय, कार्यपालक अभियंता, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार, अनुमंडल पदाधिकारी बखरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नावकोठी तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नावकोठी को भी प्रेषित की है।


