नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के रजाकपुर पंचायत स्थित चक्का गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका की पहचान चक्का निवासी रूपेश कुमार पासवान की पत्नी सोनी कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को सोनी कुमारी घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों ने उन्हें तत्काल नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई, गढ़पुरा थाना क्षेत्र के खखरूआ निवासी चंद्रशेखर पासवान अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों और पड़ोसियों का कहना है कि सोनी कुमारी ने महाजन से करीब 12 लाख रुपये उधार लेकर अपने मायके पक्ष को दिए थे। रुपये लौटाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। ग्रामीणों का अनुमान है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जाता है कि घटना के समय पति रूपेश कुमार अपने किराना दुकान के लिए बाजार सामान लाने गए हुए थे।
घटना की सूचना पर डीएसपी कुंदन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, एसआई पूनम कुमारी साहु एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।


