गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
उत्तर बिहार के प्रसिद्ध हरिगीरीधाम में सिमरिया गंगा धाम से गंगाजल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जाने वाले कांवरियों की निःशुल्क सेवा के लिए ग्रामीणों की कतार दूसरी सोमवारी की पूर्व संध्या पर देखने को मिली।
वीरपुर थाना क्षेत्र के हामोदिह से लेकर राजापुर-सिकरौहुला तक जगह-जगह ग्रामीण कांवरियों की सेवा में जुटे रहे। कहीं जूस, कहीं फ्रूटी, कहीं मट्ठा, तो कहीं फल, दूध और शरबत का वितरण किया जा रहा था। इसके अलावा कई जगहों पर कांवरियों के लिए चाय और गर्म पानी की व्यवस्था भी की गई थी।

थके-हारे कांवरियों की सेवा में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवतियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही थीं। सेवा शिविरों में कांवरियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा था।
इधर, कांवरियों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सीओ भाई वीरेंद्र और थानाध्यक्ष राजू रंजन रातभर क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। प्रशासनिक स्तर पर भी जगह-जगह महिला और पुरुष बल की तैनाती की गई थी, ताकि कांवरियों को किसी तरह की परेशानी न हो।


