गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा पंचायत के वार्ड संख्या 7 स्थित लक्ष्मीपुर गांव में सोमवार को आम के पेड़ से गिरने से 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 7 निवासी शंकर दास के 55 वर्षीय पुत्र रामाधीन दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रामाधीन दास घर से कुछ ही दूरी पर स्थित अपने आम के पेड़ पर ताड़ के सूखे पत्ते जलावन के लिए उतारने के उद्देश्य से चढ़े थे। बारिश के कारण पेड़ पर चढ़ने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे जमीन पर गिर पड़े। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रामाधीन दास स्वभाव से काफी मिलनसार थे और सामाजिक व धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। घटना के बाद शव घर पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, मृतक की पत्नी और पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया मो. असजद, पूर्व मुखिया लाल बहादुर शर्मा, पंसस नवीन कुमार सिंह, पूर्व पंसस गीता ठाकुर समेत अन्य लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।


