गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को बखरी अनुमंडल सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों के समीप मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। बिना सत्यापन के अफवाह संबंधी खबरों को सोशल मीडिया या किसी ग्रुप में साझा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूचना की सत्यता प्रशासन से अवश्य जांच लें।
बैठक में उपमुख्य पार्षद ज्ञानती देवी, बखरी बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार, नावकोठी बीडीओ राहुल रंजन, सीओ सूरज कुमार, गढ़पुरा सीओ, गढ़पुरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, बिजली विभाग के जेई रवि कुमार, अग्निशमन पदाधिकारी सहित पंकज पासवान, सुनील कुमार, अब्दुल हलीम, रामबली महतो, वार्ड पार्षद उमेश पाठक समेत अन्य लोग मौजूद थे।
