गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड सभागार में सोमवार को एसडीआरएफ टीम के सदस्यों द्वारा शिक्षकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन बीडीओ सह बीईओ कुमार मुकेश ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ कुमार मुकेश ने कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे विद्यालय स्तर पर बच्चों को भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण दें, ताकि बच्चे भी आपदा से बचाव की आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि आपदा कभी भी आ सकती है, इसलिए उससे बचाव की जानकारी सभी के लिए जरूरी है।उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक शनिवार को विद्यालय स्तर पर ‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के तहत इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, जो भविष्य में आपदा की स्थिति में काफी सहायक साबित होंगे।
प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित शिक्षकों को भूकंप सहित अन्य प्रकार की आपदाओं से बचाव की जानकारी दी गई। साथ ही मॉकड्रिल के माध्यम से भी व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा के समय घबराने की बजाय धैर्य से काम लेना चाहिए और सही तरीके से स्थिति का सामना करना चाहिए।मौके पर शिक्षक वरुण कुमार, सौरभ कुमार, विमल कुमार, धर्मेन्द्र मालाकर, दिलीप चौरसिया सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
