गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बेगूसराय में भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर की ओर से मैथिली एवं हिंदी भाषा में परीक्षण एवं मूल्यांकन विषय पर आयोजित कार्यशाला बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कार्यशाला की शुरुआत 17 अगस्त को हुई थी।
इस कार्यशाला में मैथिली एवं हिंदी के कुल 35 शिक्षक शामिल हुए। मैसूर, कर्नाटक से आए विषय विशेषज्ञों ने भाषा परीक्षण एवं मूल्यांकन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को जानकारी दी और व्याख्यान प्रस्तुत किए।
समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए डायट बेगूसराय के प्राचार्य डॉ. संजय चौधरी ने छात्रों के व्यक्तित्व विकास में भाषा संबंधी कौशलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
कार्यशाला के दौरान भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर के डॉ. अमित कुमार झा ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. वीरेश कुमार सहित डायट के वरिष्ठ प्राध्यापक मौजूद रहे। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर की कनिष्ठ रिसोर्स पर्सन सुश्री सुमित्रा मिश्रा ने किया।
प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी और वर्तमान समय के लिए महत्वपूर्ण बताया।


