नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पहसारा वार्ड संख्या 15 में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अर्जुन सिंह के पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। घायल ने नावकोठी थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है।
आवेदन के अनुसार, गुरुवार की शाम राजीव कुमार अपनी जमीन में लगे सागवान के पेड़ को देखने पहुंचे थे। वहां वंदना देवी, गौरव तांती, ललन तांती की पत्नी सहित चार अन्य लोग मौजूद थे। बताया गया कि रामानंद तांती पहले से ही सागवान की गाछी में मौजूद था। आरोप है कि गौरव तांती और रामानंद तांती सागवान के पेड़ पर चढ़कर उसकी टहनियां काट रहे थे। वहीं ललन तांती की पत्नी और उसका बेटा टहनियों का बंडल बना रहे थे। गौरव तांती रिक्शा से बंडलों को अपने घर ले जा रहा था।
राजीव कुमार ने जब गौरव तांती और रामानंद तांती को पेड़ से नीचे उतरने के लिए कहा और टहनियां काटने का कारण पूछा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। हल्ला सुनकर आसपास के किसान भी मौके पर जुटने लगे।
आवेदन में राजीव कुमार ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान वंदना देवी के इशारे पर रामानंद तांती ने उनके सिर पर सागवान की मोटी टहनी से वार कर दिया। उन्होंने टहनी को अपने दाहिने हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे उनके दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई। उन्होंने मारपीट के दौरान नकद रुपये और सोने की चकती छीनने का भी आरोप लगाया है।
घटना के दौरान ग्रामीण अरविंद सिंह, राजकुमार सिंह, प्रियांशु कुमार सहित अन्य लोगों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से भाग गए। गंभीर रूप से घायल राजीव कुमार को ग्रामीणों ने इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


