नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशवारा ब्रह्म स्थान के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में पहसारा स्वास्थ्य उपकेंद्र की सीएचओ जूली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके दाहिने पैर की हड्डी टूट गई, जबकि बाएं पैर में भी गंभीर चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जूली कुमारी पीएचसी नावकोठी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए आयोजित शिविर में ड्यूटी करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान महेशवारा ब्रह्म स्थान के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय राहगीरों ने घायल जूली कुमारी को तत्काल इलाज के लिए मंझौल स्थित निजी क्लीनिक जीडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उनके दाहिने पैर की हड्डी टूटने की जानकारी दी। वहीं बाएं पैर में भी गंभीर चोट बताई गई है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
घटना पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावकोठी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने दुख जताया है। उन्होंने घटना में शामिल ट्रक चालक के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।


