गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी 22 वर्षीय पंकज कुमार की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा होली के दिन झारखंड के गुमला में हुआ था। बताया जाता है कि पंकज अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से निकले थे, तभी वे सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।
इस दुर्घटना में गढ़पुरा थाना क्षेत्र के हरकपुरा गांव निवासी जगदीश दास की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका पैर टूट गया था।घटना के बाद पंकज के पिता सज्जन तांती, जो उनके साथ ही काम करते थे, उन्हें इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल ले गए। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।बताया जाता है कि शनिवार की रात इलाज के दौरान पंकज की अचानक मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सपना कुमारी (20) का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मां धनवती देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं। पंकज अपने पीछे डेढ़ साल का बेटा डब्लू छोड़ गए हैं।घटना की खबर मिलते ही सिमरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, उसके आसपास पंकज के परिवार के दो अन्य सदस्यों की भी पहले सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है।
