नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर पंचायत के तरबन्ना चौड़ में शनिवार को 58 वर्षीय अधेड़ का शव मकई के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामोतार साह के पुत्र राजेन्द्र साह के रूप में हुई है।
परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार राजेन्द्र साह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इसके अलावा वह बाजार में फल-सब्जी बेचने का काम भी करते थे। शव जिस स्थिति में मिला, उससे प्रथम दृष्टया हाथापाई के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार, बखरी डीएसपी कुंदन कुमार, मंझौल सर्किल इंस्पेक्टर महानंद चौधरी एवं चेरिया बरियारपुर थाना प्रभारी ज्योति कुमार बसु पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
बताया गया कि मृतक की पत्नी रक्षाबंधन को लेकर अपने नैहर गई हुई थीं। पति की हत्या की सूचना मिलने के बाद वह रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचीं। परिजनों के विलाप से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर झोपड़ीनुमा एक ताड़ी की दुकान बनी हुई है। वहां से अंग्रेजी शराब की बोतलें भी फेंकी हुई मिलीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की स्थिति और मिले साक्ष्यों को लेकर भी जानकारी जुटाई।
हत्या की घटना से आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध-प्रदर्शन करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे डीएसपी कुंदन कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
परिजनों ने पुलिस से फोरेंसिक जांच कराने, घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा हत्या के कारणों का खुलासा करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा घटना के तरीके को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


