गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना वीरपुर टमटम स्टैंड के समीप हुई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पर्रा पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी रामविलास साह का 15 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार बधियार से साइकिल पर पशुओं के लिए हरा चारा लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बेगूसराय की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने पीछे से उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल किशोर को इलाज के लिए पास के एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद बाइक चालक लोगों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

