गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी क्षेत्र में विद्या, बुद्धि और कला की देवी मां सरस्वती की पूजा पूरे श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और घर-घर में मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सुबह से ही पूजा पंडालों और मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली।शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों ने मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की और विद्या प्राप्ति की कामना की।
बच्चों ने पीले वस्त्र धारण किए और हाथों में कलम, किताब और वाद्य यंत्र लेकर मां से आशीर्वाद मांगा। पूजा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।बखरी के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर आकर्षक और भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। कई स्थानों पर पूजा समितियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने सरस्वती वंदना, भजन और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
