गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल अंतर्गत जमीन विवाद को लेकर मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसको लेकर बखरी प्रखंड के चकहमीद पंचायत अंतर्गत बहोरचक मुसहरी, वार्ड संख्या–7 मणिनदैल के रजनी देवी, ललिता देवी, शिवपुरी देवी, शोभा देवी, काजल देवी, अमला देवी, माला देवी, सरस्वती देवी, रानी देवी, कौशल्या देवी, पंकज सदा, लक्ष्मी सदा, महेंद्र सदा समेत कई महिला-पुरुषों ने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर संयुक्त आवेदन सौंपा।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी दलित, महादलित, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं और वर्ष 1984 से उक्त भूमि पर घर बनाकर रह रहे हैं। सरकार द्वारा उन्हें वासगीत पर्चा भी उपलब्ध कराया गया है। वहीं खेती योग्य भूमि पर पट्टा मिलने के बाद वे खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि 15 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब दो बजे कोठियारा गांव निवासी रामविलास महतो (पिता वासुदेव महतो) पांच अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय महिलाएं खेत में मकई बो रही थीं। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए महिलाओं के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की एवं अभद्र व्यवहार किया। भयभीत होकर महिलाएं खेत छोड़कर भागने को मजबूर हो गईं।
ग्रामीणों के अनुसार जाते-जाते आरोपियों ने घर और जमीन खाली करने की धमकी दी और कहा कि यदि नहीं छोड़ा गया तो दो दिनों के भीतर जान से मार देंगे। घटना की जानकारी मिलने पर लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान प्रतिनिधिमंडल के साथ अनुमंडल पदाधिकारी से मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देकर बसाती है तथा पट्टा भूमि का वितरण करती है। लोगों को डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि किसी सरकारी योजना के तहत भविष्य में कभी स्थानांतरण की आवश्यकता पड़ी, तो पहले समुचित व्यवस्था की जाएगी।इस मौके पर श्रवण पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
