गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर इंटरमीडिएट परीक्षा की आंसर शीट वायरल होने के मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा विभाग की टीम रविवार को थाना पहुंची। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार मुकेश भी घंटों थाना परिसर में मौजूद रहकर मामले की जांच करते देखे गए।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को प्रथम पाली में आयोजित केमिस्ट्री विषय की परीक्षा की आंसर शीट सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने थाना क्षेत्र के मौजी हरिसिंह गांव निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।बताया जा रहा है कि उक्त युवक गांव में रहकर कुछ छात्रों को निजी ट्यूशन पढ़ाता है और उसी ने किसी व्हाट्सएप ग्रुप में आंसर शीट वायरल की थी। हालांकि, थाना में मौजूद किसी भी पदाधिकारी ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी बताने से परहेज किया है।
इधर, रविवार देर शाम एसडीपीओ कुंदन कुमार के साथ मुख्यालय एसडीपीओ भी बखरी थाना पहुंचे और मामले की जांच की। इस संबंध में एसपी मनीष ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद यदि कोई जानकारी साझा करने योग्य होगी तो उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
