गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी / बेगुसराय
बेगूसराय पुलिस ने अनुशासनहीनता और विभागीय छवि को धूमिल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बखरी थाना क्षेत्र के दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमे ने साफ संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकीदार नंदकिशोर पासवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह वर्दी में चिलम पीते नजर आ रहे थे। वर्दी में इस तरह की हरकत को विभागीय मर्यादा के खिलाफ मानते हुए अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला माना और तत्काल जांच के बाद कार्रवाई की।
वहीं दूसरे चौकीदार लक्ष्मण दास पर ड्यूटी के दौरान लाठी भांजकर आम लोगों में डर और भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों की शिकायत और मामले की जांच के बाद उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक मनीष के निर्देश पर बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार ने पूरे मामले की समीक्षा की और दोनों के निलंबन की अनुशंसा की। इसके बाद आदेश जारी करते हुए दोनों चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उनका मुख्यालय अंचलाधिकारी कार्यालय, बखरी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या ऐसा आचरण, जिससे विभाग की छवि खराब हो, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर इस घटना की चर्चा जोरों पर है। आम लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस व्यवस्था में सुधार आएगा और जनता का भरोसा भी मजबूत होगा। वहीं विभागीय अधिकारियों ने भी संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
