गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी ग्रामीण मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण वर्ग में बूथ लेवल पार्टी कैडर के साथ-साथ पंचायत एवं मंडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री सह ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज महतो ने की, जबकि संचालन किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पाठक द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पार्टी के जिला प्रवक्ता एवं पूर्व पार्षद सिधेश आर्य ने भाजपा के इतिहास एवं वैचारिक अधिष्ठान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अंत्योदय की भावना से विकसित भारत भाजपा की विचारधारा का आधार है। साथ ही उन्होंने बताया कि भाजपा की राजनीति पंचनिष्ठाओं पर आधारित है, जिसमें राष्ट्रवाद, लोकतंत्र के प्रति आस्था, गांधीवादी समाजवाद, सर्वधर्म समभाव और मूल्य आधारित राजनीति शामिल हैं।
वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के लिए बूथ प्रबंधन के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इस अवसर पर पूर्व महामंत्री पवन सिंह, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सरोजिनी भारती सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
