गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय.
सरकार के निर्देशानुसार प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में उच्च विद्यालय संचालित हो रहे हैं, लेकिन घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में वीरपुर प्रखंड के पर्रा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
विद्यालय के छात्र शुभम कुमार ने 480 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। वहीं अंकित कुमार ने 475 अंक, सुहानी कुमारी ने 454 अंक, मीनाक्षी कुमारी ने 450 अंक तथा शामा फरीन ने 427 अंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके अलावा अन्य छात्र-छात्राओं ने भी बेहतर अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधान छोटे सर जी ने बताया कि शिक्षकों के आपसी सहयोग, सकारात्मक सोच और ग्रामीणों के निरंतर समर्थन का ही परिणाम है कि यहां के बच्चे हर वर्ष बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा, जिससे वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें।
