- विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्यूज
निदेशक प्राथमिक शिक्षा सह निदेशक निपुण बिहार मिशन ने प्राथमिक तथा प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के संचालन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने सभी जिलों व प्रखंड स्तरीय शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि इन कक्षाओं की पढ़ाई अब केवल प्रधानाध्यापक द्वारा नामित शिक्षक ही करेंगे। इसके साथ ही शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए 11 बिंदुओं वाले दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। उक्त संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय आकलन में बच्चों का अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिल पा रहा है। बच्चों की उपस्थिति, भाषा और गणित की बुनियादी समझ को बेहतर बनाने के लिए इन निर्देशों का पालन अनिवार्य कर दिया गया है जिसमें कक्षा 1 और 2 का संचालन केवल नामित शिक्षक ही करेंगे।टीएलएम (शैक्षणिक सामग्री) और निर्धारित पाठ्य-पुस्तकों का उपयोग अनिवार्य होगा।बच्चों को दी गई कार्य-पुस्तिका और वर्कबुक का अभ्यास जरूर कराया जाएगा तथा शिक्षक उसे जांचेंगे।विद्यालय की दिनचर्या में प्रतिदिन एक घंटा पाठ वाचन रखा जाएगा ताकि सभी बच्चे जोर से पढ़ सकेंगे।

कक्षा 1 और 2 में “आकलन ट्रैकर” लागू किया जाएगा।बच्चों की प्रगति का आकलन कर उसका साप्ताहिक रिकॉर्ड रखा जाएगा। प्रधानाध्यापक/प्रभारी शिक्षक द्वारा साप्ताहिक बैठक कर शिक्षण संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा ।अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी कर अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई की जानकारी दी जाएगी और घर पर पढ़ाई के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।निरीक्षण व अनुवीक्षण के दौरान अधिकारियों को इन निर्देशों के पालन की समीक्षा करनी होगी।विभाग ने कहा है कि मिशन निपुण बिहार के तहत तय किए गए लक्ष्य को समय पर हासिल करना जरूरी है। इसलिए सभी जिला और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सुनिश्चित करना है कि कक्षा 1 और 2 के संचालन से जुड़े नए नियमों का हर हाल में पालन हो।
