
गौरव कुमार AV भारत न्यूज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
बखरी में डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित भवन में स्नातक की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही 36 घंटे की भूख हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सन्नी कुमार सौरव एवं अंचलाधिकारी (सीओ) उत्पल अमिनय की उपस्थिति में आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि अगले 10 दिनों के भीतर डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित भवन में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी तथा नियमित रूप से स्नातक की पढ़ाई भी प्रारंभ करा दी जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अभाविप ने अपना आंदोलन फिलहाल समाप्त कर दिया।
भूख हड़ताल के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। इस बीच दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने भी उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से शीघ्र नामांकन और पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की।
अभाविप के जिला संयोजक अनुभव आनंद ने कहा कि यदि प्रशासन अपने तय समय के भीतर वादा पूरा नहीं करता है तो संगठन पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भूख हड़ताल समाप्त होने के दौरान बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

