नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा पश्चिम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस टीम ने पहसारा डेरा के समीप छापेमारी की। इस दौरान हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या BR 33 BB 7933) पर प्लास्टिक के गैलन में 15 लीटर देसी चुलाई शराब ले जा रहे दो लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राम विनय सदा, पिता स्व. लड्डू सदा तथा रंजन कुमार, पिता नाथो पासवान के रूप में हुई है। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शराब के साथ प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में शराब का निर्माण, खरीद, बिक्री, भंडारण और परिवहन कानूनन प्रतिबंधित है तथा ऐसा करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, एसआई रंजीत कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।


