गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी के राजकीय डिग्री महाविद्यालय में नामांकन एवं पढ़ाई शुरू करने की स्वीकृति मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने खुशी जताई है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने इसे लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन और निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया।
अभाविप के जिला संयोजक अनुभव आनंद ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के लगातार संघर्ष और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाने का ही परिणाम है कि अब बखरी में जल्द ही स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नामांकन प्रारंभ होने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविन्द्र कुमार एवं नगर मंत्री सौरभ कुमार ने कहा कि डिग्री कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर अभाविप ने लगातार आंदोलन किया। इस दौरान आक्रोश मार्च, धरना और भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों की मांग को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की पहल के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय के तैयार भवन में नामांकन एवं पढ़ाई शुरू करने की स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित विश्वविद्यालय को शिक्षकों की नियुक्ति तथा नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया है।
अभाविप के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधान पार्षद सर्वेश कुमार, मंत्री संजय पासवान, सांसद गिरिराज सिंह सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही महाविद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।

