गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
क्षेत्र के प्रख्यात रंगकर्मी, चित्रकार एवं हिन्द कला परिषद् के संस्थापक सदस्य इन्द्र देव सिंह का पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनके अनुज एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सुभाष सिंह परमार ने दी। उनके निधन से क्षेत्र के कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिजनों, शुभचिंतकों, कलाकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
भाजपा के जिला प्रवक्ता एवं पूर्व पार्षद सिधेश आर्य ने कहा कि इन्द्र देव सिंह रंगमंच की अमूल्य धरोहर थे। उन्होंने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। साथ ही बखरी अनुमंडल आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका को भी लोगों ने याद किया।
अभाविप के पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने उनके निधन को कला जगत की अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनके जाने से सांस्कृतिक क्षेत्र को ऐसी कमी हुई है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
हिन्द कला परिषद्, श्री विश्वबंधु पुस्तकालय परिवार सहित कई सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


