गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बेला से बखरी की ओर जा रही एक अनियंत्रित जेसीबी ने परिहारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप सामने से आ रहे दो रिक्शों और एक बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों रिक्शे और बुलेट क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि रिक्शाचालक समेत कई लोग घायल हो गए।
घटना में परिहारा पंचायत के मलकुआ गांव निवासी हरेराम महतो के पुत्र विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उस समय वह रिक्शा चला रहे थे। इसके अलावा रिक्शा पर सवार कुछ अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बखरी भेजा। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहनों का परिचालन अक्सर होता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।

