नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
पंचायत सरकार भवन विष्णुपुर में मंगलवार को जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ एवं निश्चय-3 अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्घाटन जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर डीटीओ राजीव कुमार ने कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि विकास से वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने जन शिकायतों के निपटारे के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की है और संबंधित विभागों को इसका पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
शिविर में कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष छह मामलों को जांच के बाद निष्पादित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के बीच राशन कार्ड, प्लस टू विद्यालय सैदपुर विष्णुपुर का एनओसी प्रमाण पत्र तथा अन्य योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर के दौरान मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन पोद्दार ने विष्णुपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने बिजली आपूर्ति की खराब व्यवस्था, नाला से जलनिकासी की समस्या, कब्रिस्तान एवं ईदगाह की घेराबंदी, प्लस टू विद्यालय के भवन निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया।
मौके पर सीओ सह प्रभारी बीडीओ सूरज कुमार, बीपीआरओ जितेंद्र कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार, कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, एलईओ मेघा वर्मा, बीएओ रौशन कुमार, मुखिया प्रभा देवी, चंदन कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक रूपेश कुमार, कार्यपालक सहायक सूरज कुमार, विकास मित्र मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में फरियादी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।


