गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी–खगड़िया मुख्य पथ पर बगरस चौक के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला ई-रिक्शा से सलौना स्टेशन जा रही थीं। मृतका की पहचान परिहारा वार्ड संख्या-5 निवासी नरेंद्र चौधरी की पुत्री ऊषा देवी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि ऊषा देवी गुरुवार सुबह करीब चार बजे परिहारा से सलौना स्टेशन जानकी एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए ई-रिक्शा से निकली थीं। इसी दौरान बगरस चौक के पास ई-रिक्शा अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम पसर गया।
परिजनों ने बताया कि ऊषा देवी अपनी मां स्वर्गीय श्यामा देवी की पांचवीं बरखी में शामिल होने के लिए मायके परिहारा आई हुई थीं। बरखी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह गुरुवार सुबह अपने ससुराल समस्तीपुर जिला के हसनपुर प्रखंड अंतर्गत पटसा गांव लौट रही थीं। इसी दौरान यह हृदयविदारक हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
