नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में 26 जून को मोहर्रम मेले के दौरान लापता हुए पांच वर्षीय बालक के कथित अपहरण मामले की जांच तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष ने विष्णुपुर पहुंचकर पंचायत सरकार भवन के समीप घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने बच्चे की मां अजमती खातून से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी पूरे घटनाक्रम को लेकर बातचीत की। उन्होंने घटना के सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच करने तथा उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान एक मासूम बच्चे का लापता होना अत्यंत दुखद घटना है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और वैज्ञानिक तकनीकों की मदद से बच्चे की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान एसडीपीओ कुंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, पूनम कुमारी साहू, मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन पोद्दार, चंद्रभूषण चौधरी, सुरेंद्र पासवान, सुरेश पासवान सहित अन्य लोग मौजूद थे।


