नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के अपग्रेड मिडिल स्कूल पूर्वी डफरपुर में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, चित्रांकन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता तथा प्रकृति दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधानाध्यापक हर्षवर्धन कुमार एवं शिक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में बच्चों को विद्यालय परिसर में मौजूद विभिन्न प्रकार के फूल, पेड़-पौधों एवं जीव-जंतुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि संसार में मुख्य रूप से जलचर, नभचर एवं थलचर जीव पाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि थलचर वे जीव हैं जो भूमि पर निवास और विचरण करते हैं। पौराणिक ग्रंथों में 84 लाख योनियों का उल्लेख मिलता है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि धरती पर जीवों की अनेक प्रजातियां मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि मनुष्य सबसे विवेकशील प्राणी है और उसी की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति एवं पर्यावरण का संतुलन बनाए रखे। मनुष्य ने अपनी बुद्धि और तकनीक के बल पर हवा और जल में चलना सीख लिया, लेकिन इसके कारण पर्यावरण को काफी नुकसान भी पहुंचा है। अब प्रकृति के संतुलन को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
क्विज प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी ने प्रथम, हरिओम कुमार ने द्वितीय तथा चांदी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका प्रीति कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं कुमारी सिमरन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
