नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने को लेकर विद्युत विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कनीय अभियंता विमल कुमार साहा के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम में कार्यपालक सहायक प्रवीण कुमार, तकनीकी कर्मी संजय कुमार एवं मानव बल अमित कुमार सहनी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को मीटर बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। मामले को लेकर नावकोठी थाना में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कनीय अभियंता विमल कुमार साहा ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत पहसारा पश्चिमी पंचायत वार्ड संख्या 15 निवासी राहुल कुमार, पिता विनय सिंह, के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि बिजली बकाया रहने के बावजूद मीटर बायपास कर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा था।
विभाग की ओर से आरोपी पर ₹6,616 बकाया राशि के अलावा ₹57,218 क्षति पूर्ति राशि लगाई गई है। इस मामले में राजस्व क्षति को लेकर भी केस दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी रोकने के लिए आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
