
गोपल्लव झा AV भारत न्यूज संवाददाता वीरपुर/ बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र की गेन्हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में दो पक्षों के बीच मारपीट एवं छिनतई को लेकर दोनों ओर से वीरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
पहले पक्ष के मोहम्मद मोकर्रम ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मोहम्मद साबीर, मोहम्मद कादिर एवं मोहम्मद आविद पिस्तौल लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें घर से खींचकर बाहर निकाल लिया और मारपीट की। उनका आरोप है कि शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपित उनके गले से करीब 75 हजार रुपये मूल्य की चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए। जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद सावीर ने थाना में दर्ज कराए गए आवेदन में मोहम्मद मोकर्रम, मोहम्मद मोकेदार तथा दो अज्ञात लोगों पर 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, रंगदारी नहीं देने पर न्यू मस्जिद के समीप लोहे की रॉड और लाठी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। साथ ही डाला (डिक्की/डाल) में रखे 80 हजार रुपये भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है।
थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

