नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मध्य विद्यालयों में सोमवार से ग्रीष्मकालीन समर कैंप की शुरुआत की गई। इस कैंप का उद्देश्य ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों की शैक्षणिक कमियों को दूर करना तथा उन्हें भाषा और गणित विषय में अधिक दक्ष बनाना है।
समर कैंप में कक्षा 4 से 6 तक के छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है। कैंप के दौरान बच्चों की भाषायी दक्षता और संख्या ज्ञान को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। खासकर ऐसे बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जिन्हें हिंदी और गणित विषय में अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है।
अपग्रेड मध्य विद्यालय नीरपुर में कार्यरत स्वयंसेवक चूना देवी ने बताया कि बच्चों को खेल-आधारित गतिविधियों, रोचक शिक्षण विधियों और नियमित अभ्यास के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। इससे उनकी सीखने की क्षमता में सुधार होगा और वे पढ़ाई में अधिक रुचि ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मावकाश को बच्चों के लिए उपयोगी और रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया है। कैंप के दौरान बच्चों की नियमित उपस्थिति, दैनिक अभ्यास और उनकी प्रगति की लगातार निगरानी भी की जाएगी।
प्रखंड के कई मध्य विद्यालयों में एक साथ शुरू हुए इस समर कैंप को लेकर अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है। अभिभावकों का मानना है कि इस पहल से बच्चों की पढ़ाई मजबूत होगी और वे नए शैक्षणिक सत्र में बेहतर तैयारी के साथ विद्यालय लौटेंगे।
समर कैंप ग्रीष्मावकाश की पूरी अवधि तक संचालित किया जाएगा।
