गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक किट के वितरण में भारी अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कड़ा विरोध जताया है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।अभाविप पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से छात्रों को स्कूल बैग, आठ सेट कॉपियां तथा अन्य पठन–पाठन सामग्री उपलब्ध कराई जानी थी, लेकिन कई विद्यालयों में छात्रों को निर्धारित संख्या से दो से तीन कम कॉपियां दी गईं। कुछ छात्रों को तो पठन-पाठन सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे विद्यार्थियों में नाराजगी देखने को मिली।
जिला संयोजक अनुभव आनंद ने बताया कि उच्च विद्यालय शकरपुरा, मध्य विद्यालय जयलख सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण कर समस्याओं का विवरण जुटाया गया। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों की स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत खराब है। गंदगी के कारण शौचालय बंद पड़े हैं, जिससे विशेषकर छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सफाई एजेंसी की लापरवाही की शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी जाएगी।
नगर मंत्री सौरभ कुमार ने कहा कि अभाविप छात्र हितों के लिए हमेशा सक्रिय रहती है और विद्यालयों में होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वहीं, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार मुकेश ने आश्वासन दिया कि शैक्षणिक किट वितरण में हुई गड़बड़ियों की वे स्वयं जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों को नियमानुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे तथा जहां भी अनियमितता पाई जाएगी,कार्रवाई की जाएगी।
