नवीन कुमार मिश्र AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बेगूसराय के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने तथा जिन महाविद्यालयों का भवन निर्माण पूरा हो चुका है, उनमें जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होने से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा तथा जिले में शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान सिमरिया क्षेत्र में नई विकास परियोजनाओं की संभावनाओं, विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों के नवीनीकरण, जिले के समग्र विकास के लिए नई योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि बेगूसराय में विकास की अपार संभावनाएं हैं। यदि शिक्षा, आधारभूत संरचना, पर्यटन और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर समन्वित रूप से कार्य किया जाए तो जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक एवं सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेगूसराय के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
भेंटवार्ता के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन प्रयासों और सकारात्मक पहल से बेगूसराय के विकास को नई गति मिलेगी तथा शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिलेगी।


