गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने मंगलवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के खरमौली स्थित डिग्री कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 30 मिनट तक कॉलेज के विभिन्न वर्ग कक्षों, प्राचार्य कक्ष समेत अन्य कमरों का गहन निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 1 जुलाई से सत्र 2026-30 के लिए नियमित रूप से पठन-पाठन प्रारंभ किया जाएगा। इसी को लेकर कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने वे स्वयं यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्य की नियुक्ति भी कर दी गई है।

डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की मंशा राज्य में उच्च शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं बेटियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना है। अब उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित कर उन्हें अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर जाने की आवश्यकता से बचाना तथा उनके आसपास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अमृत कुमार, प्लस टू विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार, पूर्व मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष सुखराम महतो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


