नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पहसारा में आम तोड़ने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गयी।घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
मिली जानकारी के अनुसार पहसारा के वार्ड संख्या 13 निवासी स्व जीतो सहनी का 35 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार उर्फ मिट्ठू सर्वमंगला विद्या विहार कैंपस पहसारा वृन्दावन रोड में दैनिक मजदूर के रूप में दिवार पेंट कर रहा था।इसी दौरान कैंपस से सटे आम के पेड़ से आम तोड़ने के लिए चला गया।कैंपस और पेड़ के ऊपर से गुजर रहे 33 केवीए हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।करंट लगते ही मिथुन की मौके पर ही मौत हो गयी।मृतक बेहद गरीब परिवार से था।मेहनत मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।माता दुलारी देवी,पत्नी नीतू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक पांच भाई बहन में तीसरे नंबर पर था।रोते- बिलखते नीतू देवी कह रही थी कि अब हम्मर छोट-छोट लड़की और लड़का के भरण-पोषण के करतै, हमरा सबके के देखतै।तीन वर्ष की बेटी व डेढ वर्ष का एक पुत्र है।पत्नी और परिजनों के करूण क्रंदन से मौजूद लोगों के आंखों से आंसू आ गए।हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष नावकोठी मो फिरदौस,अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे।कागजी कार्यवाही के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार काफी नीचे हैं और कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गयी थी।लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग प्रशासन से की है।मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि श्याम नंदन सिंह, अनुभव कुमार,शिवम वत्स,शिवेश रंजन, विपुल सहनी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।


