नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरिया बरियारपुर प्रखंड मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने नाले का ढक्कन टूट जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जाता है कि यह मार्ग प्रखंड कार्यालय, यूको बैंक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन इस सड़क से बड़ी संख्या में आम लोग, कर्मचारी और अधिकारी आवागमन करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से टूटा पड़ा नाले का ढक्कन अब तक नहीं बदला गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एम्बुलेंस भी इसी रास्ते से मरीजों को लेकर आती-जाती है। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग के वाहन, प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों की गाड़ियां तथा अन्य सरकारी वाहन भी इसी मार्ग का नियमित उपयोग करते हैं। ऐसे में किसी भी समय कोई वाहन अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय और बारिश के दिनों में यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड परिसर के आसपास कई विभागों के अधिकारी प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं, फिर भी इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब नाले पर नया ढक्कन लगाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि संभावित हादसे को टाला जा सके।


