नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
तेघड़ा के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी से दूरभाष पर बातचीत कर इस मेले को ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शताब्दी महोत्सव’ के रूप में मनाने तथा इसके सफल आयोजन के लिए आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने इस संबंध में मंत्री को पत्र भी भेजा है।
विधायक रजनीश कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि तेघड़ा का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला पिछले एक शताब्दी से क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यह मेला न केवल स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र है, बल्कि इसकी अपनी ऐतिहासिक पहचान भी है।
उन्होंने कहा कि यदि इस मेले को शताब्दी महोत्सव का दर्जा मिलता है, तो तेघड़ा की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों तथा व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
विधायक ने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार इस ऐतिहासिक मेले के महत्व को देखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी और इसे राज्य स्तर पर विशेष पहचान दिलाने के साथ-साथ सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराएगी।


