अशोक कुमार ठाकुर AV भारत न्युज संवाददाता तेघड़ा/ बेगूसराय
विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र (143) में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो रही है। आज दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को कुल तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा श्री राकेश कुमार के समक्ष दाखिल किया।
आज नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में
- राम कुमार, पिता अशोक कुमार शर्मा — निर्दलीय प्रत्याशी
- मृणाल कुमार, पिता परमेश्वरी राय — निर्दलीय प्रत्याशी
- अविनाश भारती, पिता विष्णुदेव सिंह — समता पार्टी से प्रत्याशी
नामांकन प्रक्रिया के दौरान अनुमंडल कार्यालय, तेघड़ा परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। CAPF, SST, एवं स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति में संपूर्ण नामांकन कार्य शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। निर्वाचन कार्यालय की ओर से पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई गई ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
नामांकन पत्रों की स्वीकृति उपरांत निर्वाची पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित “आदर्श आचार संहिता हैंडबुक”, “निर्वाचन व्यय लेखा पंजी”, एवं महत्वपूर्ण निर्देश पुस्तिका प्रदान की। साथ ही सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन शपथ (Election Oath) दिलाई गई, जिसमें उन्होंने यह संकल्प लिया कि वे संविधान एवं निर्वाचन आयोग के सभी नियमों का पालन करेंगे तथा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सहयोग देंगे।
इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी ने कहा “निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का उत्सव है। प्रत्येक प्रत्याशी का दायित्व है कि वह आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करे। किसी भी प्रकार के प्रलोभन, धनबल या आचार संहिता उल्लंघन पर प्रशासन तत्परता से कार्रवाई करेगा। सभी प्रत्याशियों के लिए समान अवसर और निष्पक्ष वातावरण सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि सभी प्रत्याशी अपने निर्वाचन व्यय का संधारण नियमित रूप से करें, और निर्धारित तिथि पर व्यय लेखा प्रस्तुत करें।
नामांकन कक्ष में इस अवसर पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तेघड़ा राकेश कुमार, बरौनी निर्वाचन कार्यालय के एमामुल हक़, अंचलाधिकारी रविशंकर कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिशिर कुमार तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी की उपस्थिति में नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांति पूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव के प्रत्येक चरण पर नियंत्रण कक्ष के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में नामांकन की यह प्रक्रिया चुनावी गतिविधियों को गति प्रदान कर रही है। आने वाले दिनों में और भी प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की संभावना व्यक्त की जा रही है। प्रशासन ने अंत में अपील की कि सभी मतदाता बिना किसी दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को सशक्त और जीवंत बनाए रखा जा सके।
