नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना परिसर में बुधवार को दीपावली, काली पूजा व हिंदुओं का महापर्व छठ को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ सूरज कुमार व थानाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि काली पूजा के अवसर पर थाना क्षेत्रों में लगने वाले मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
वहीं उन्होंने विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आचार संहिता का पालन करने का भी निर्देश दिया। मेले में पुलिस बलों की तैनाती कर उपद्रवी एवं शरारती तत्वों पर नजर रखी जाएगी। सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए त्यौहार मनाएं।
साथ ही मेला कमेटी के सदस्यों को मेला के लिए लाइसेंस व मेला में आने वाले लोगों की सुविधा का ख्याल रखने का निर्देश दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि दीपावली के मौके पर कोई भी व्यक्ति सरकारी एवं सार्वजनिक स्थल पर पटाखा नहीं छोड़ेंगे।
क्षेत्रों में अमन चैन कायम रखने एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर सभी का सहयोग जरूरी है। मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे का प्रयोग निषेध है। मेला में विशेष आयोजन करने पर एसडीओ बखरी से लाइसेंस लेना जरूरी है। पटाखा विक्रेताओं को लाइसेंस लेना अनिवार्य है।
विदित हो कि बभनगामा, टेकनपुरा, पीरनगर गम्हरिया व डुमरिया में काली पूजा का आयोजन किया जाता है। वहीं पहसारा में छठ मेला लगाया जाता है। नावकोठी में भी छठ के मौके पर मूर्ति स्थापित की जाती है।
मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत 34 तालाब व बूढ़ी गंडक नदी स्थित छठ घाटों का निरीक्षण कर व्रतियों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और सफाई की जायेगी।
इस अवसर पर जदयू प्रवक्ता सुभाकर मिश्रा, पहसारा सरपंच प्रतिनिधि रामाशीष सिंह उर्फ गुरुजी, समसा के सरपंच बाबू साहेब कुंवर, रजाकपुर के सरपंच प्रतिनिधि शिवनंदन पासवान, डफरपुर के सरपंच शांति देवी, पंसस रंजीत कुमार, अनीता देवी, विश्वनाथ दास, गायक गोविंद कुमार, कपिल देव पोद्दार, गोपाल कुमार, मुक्ति नारायण सिंह, अनमोल सिंह आदि मौजूद थे।
