गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के परिहारा पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जिला परिषद योजना कोष से स्वीकृत 61 लाख 22 हजार रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण हेतु रविवार देर संध्या बिहार सरकार के गन्ना मंत्री संजय पासवान ने विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय पासवान ने कहा कि सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से परिहारा व आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक इलाज, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं नियमित जांच की सुविधा मिलेगी। भूमि पूजन के बाद जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मंत्री संजय पासवान एवं लोजपा (रा.) जिलाध्यक्ष प्रेम पासवान को सम्मानित किया गया। जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने कहा कि जिला परिषद जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम का संचालन लोजपा (रा.) प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान ने किया। मौके पर पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
