गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तहत संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का स्थानांतरण बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड अंतर्गत घाघरा में नवनिर्मित विद्यालय परिसर में कर दिया गया है। इससे पूर्व यह विद्यालय समस्तीपुर जिले के परिसर में संचालित हो रहा था।
ज्ञात हो कि पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा राज्य के प्रत्येक जिले में इस प्रकार के आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में राज्य की मूल निवासी, पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्ग से आने वाली तथा जिनके परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, ऐसी छात्राओं का नामांकन किया जाता है।

विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है।विद्यालय में छात्राओं के लिए भोजन, आवासन, खेलकूद एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही योग, संगीत, स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।नामांकन की इच्छुक छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 9 फरवरी निर्धारित है। अधिक जानकारी के लिए बेगूसराय समाहरणालय स्थित विकास भवन के अंतर्गत जिला कल्याण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
विद्यालय के स्थानांतरण के दौरान छात्राओं ने बताया कि अपने गृह जिले में विद्यालय परिसर उपलब्ध होने से वे काफी खुश हैं। विशाल परिसर, सुसज्जित छात्रावास, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वर्ग कक्ष एवं खेल मैदान को देखकर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
